5 जून 2025
छत्तीसगढ़ को मिली खेलों की नई पहचान, नवा रायपुर में स्थापित होगी राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी
छत्तीसगढ़ में खेलों के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए राज्य सरकार ने युवाओं के लिए विश्वस्तरीय अवसरों के नए द्वार खोल दिए हैं। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 4 जून को महानदी भवन, नया रायपुर में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राष्ट्रीय तीरंदाजी अकादमी की स्थापना के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। यह संस्थान न केवल प्रदेश के युवा तीरंदाजों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण सुविधाएं प्रदान करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को खेलों की दुनिया में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान भी दिलाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने इस निर्णय को “ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम” बताते हुए कहा कि, “छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। अब उन्हें विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और मंच मिलने जा रहा है। यह अकादमी प्रदेश के युवाओं को न केवल आत्मनिर्भर बनाएगी, बल्कि उन्हें देश का नाम रोशन करने का अवसर भी देगी।”

विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस होगी अकादमी
यह अकादमी नया रायपुर अटल नगर के सेक्टर-03, ग्राम परसदा में 13.47 एकड़ क्षेत्र में स्थापित की जाएगी। इस परियोजना में आउटडोर तीरंदाजी रेंज, वातानुकूलित इनडोर रेंज, उच्च प्रदर्शन केंद्र, छात्रावास, आवासीय परिसर और प्रशिक्षण से जुड़ी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
इस प्रतिष्ठित अकादमी की स्थापना एनटीपीसी लिमिटेड के सहयोग से की जा रही है, जबकि नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण इसका क्रियान्वयन एजेंसी होगा। परियोजना हेतु भूमि निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी, जिसकी लागत 39.22 करोड़ रुपये राज्य शासन वहन करेगा। लीज अनुबंध की तिथि से एक वर्ष के भीतर निर्माण कार्य आरंभ किया जाएगा और तीन वर्षों में इसे पूर्ण करना अनिवार्य होगा।
छत्तीसगढ़ की तीरंदाजी प्रतिभाओं को मिलेगा मंच
राज्य सरकार की इस पहल से विशेष रूप से आदिवासी अंचलों में छिपी तीरंदाजी की पारंपरिक प्रतिभाओं को प्रशिक्षण और प्रदर्शन का एक सुनहरा मंच मिलेगा। यह पहली बार है जब छत्तीसगढ़ में किसी पारंपरिक व तकनीकी खेल के लिए इतनी व्यापक संरचना और संसाधन जुटाए जा रहे हैं।
अकादमी के माध्यम से प्रदेश के युवा अब अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में न केवल भागीदारी करेंगे, बल्कि जीत के नए कीर्तिमान भी स्थापित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से छत्तीसगढ़ आने वाले वर्षों में खेलों के क्षेत्र में एक सशक्त और गौरवशाली पहचान बनाएगा।