एसपी ने देर रात किया सुरक्षा व्यवस्था का आकस्मिक निरीक्षण, लापरवाही पर जारी किया शो-काज नोटिस,


मुंगेली, 5 जून 2025 |
जिले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर मुंगेली पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) ने दिनांक 4 जून 2025 की देर रात शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस फिक्स प्वाइंट, गश्त प्वाइंट तथा थाना क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी भोजराम पटेल जब सिटी कोतवाली क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर पहुंचे, तो वहां गश्त ड्यूटी पर पुलिसकर्मियों की अनुपस्थिति पाई गई। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने तत्काल थाना प्रभारी सिटी कोतवाली को मौके पर बुलाकर स्पष्टीकरण मांगा और ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर उन्हें शो-काज नोटिस जारी किया।



वहीं दूसरी ओर, लोरमी क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्त में तैनात प्रआर. लिलक साहू, आरक्षक दिलेश्वर साहू व जितेन्द्र ठाकुर को गश्त करते हुए पाया गया। साथ ही सेक्टर अधिकारी सउनि मनकराम ध्रुव एवं जोनल पुलिस अधिकारी उप निरीक्षक लक्ष्मण खुंटे भी ड्यूटी पर उपस्थित मिले। संतोषजनक कार्य निष्पादन और जिम्मेदारी निभाने पर एसपी द्वारा इन अधिकारियों/कर्मचारियों को नगद इनाम देकर पुरस्कृत किया गया।

एसपी भोजराम पटेल ने सभी थाना/चौकी प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में लगातार गश्त और पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। साथ ही आदतन अपराधियों, गुंडा-बदमाशों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और रात में अनावश्यक रूप से घूमने वालों की सघन चेकिंग की जाए। उन्होंने पुलिस जवानों को आम जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *