रायपुर, 30 मई 2025 —
खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना में भ्रष्टाचार एवं रिश्वतखोरी की शिकायतों को बेहद गंभीरता से लिया जाएगा और दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह बात गरियाबंद जिले के छुरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पोंड में आयोजित जिला स्तरीय समाधान शिविर में “सुशासन तिहार” के अंतर्गत कही।
मंत्री श्री बघेल ने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य है जनता की समस्याओं को सीधे जानकर उनका समाधान करना। क्लस्टर स्तर पर शिविर लगाकर लोगों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने शिविर में लगे विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं सुनीं।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, महतारी वंदन योजना, नामांतरण की स्वचालित प्रक्रिया, एकमुश्त तीन माह का चावल वितरण जैसी योजनाओं से आमजन को सीधे लाभ मिल रहा है। महतारी वंदन योजना के अंतर्गत महिलाओं को प्रति माह ₹1000 की सहायता राशि दी जा रही है।
शिविर में गर्भवती महिलाओं को पोषण आहार किट प्रदान कर गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। टीबी मुक्त भारत अभियान, स्वच्छता अभियान तथा शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया। हितग्राहियों को ट्रायसिकल, आइस बॉक्स, सौर सुजला किट, मछली जाल एवं राशन कार्ड भी वितरित किए गए।
राजिम विधायक श्री रोहित साहू ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा अनुसार सुशासन तिहार के उद्देश्यों को जनहितैषी और पारदर्शिता बढ़ाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य में मोदी जी की गारंटी को ज़मीनी स्तर पर साकार कर रहा है और शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक सिद्ध हो रहा है।
शिविर में छत्तीसगढ़ भंडारगृह निगम अध्यक्ष श्री चंदूलाल साहू, कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक श्री निखिल राखेचा, जिला पंचायत सीईओ श्री जी.आर. मरकाम, जनप्रतिनिधिगण, जनपद अध्यक्ष, सरपंच एवं भारी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।
🏷️ English Tags:
#AntiCorruption #VishnuDeoSai #DayalDasBaghel #ChhattisgarhNews #GoodGovernance#PMAY #PublicWelfare #GaribKalyan #MahatariVandanYojana #SuShasanTihar#GovernmentSchemes #FoodMinisterChhattisgarh #GariabandNews #VillageDevelopment#TransparencyInGovernance