मुंगेली, 11 अप्रैल 2026// नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन 2026 के लिए प्रारंभिक निर्वाचक नामावली का प्रकाशन 13 अप्रैल को किया जाएगा।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुन्दन कुमार द्वारा निर्वाचक नामावली पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। अर्हता तिथि 01 अप्रैल 2026 के आधार पर नामावली तैयार की गई है।
जारी कार्यक्रम के अनुसार 13 अप्रैल से 20 अप्रैल 2026 तक नाम जोड़ने, संशोधन एवं विलोपन संबंधी दावा-आपत्तियां स्वीकार की जाएंगी। जिन मतदाताओं का नाम प्रारंभिक सूची में दर्ज नहीं है, वे फॉर्म-क 1 के माध्यम से अपना नाम जुड़वा सकते हैं। इसके लिए अंतिम तिथि 24 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी निष्ठा पांडेय तिवारी ने बताया कि रिक्त पदों में नगर पंचायत सरगांव वार्ड क्रमांक 7 सहित लोरमी, मुंगेली एवं पथरिया जनपद पंचायत क्षेत्रों के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं पंच पद शामिल हैं।
लोरमी विकासखंड के बिजराकछार, बोईरहा, गातापार, कोसाबाड़ी, कारीडोंगरी और हरदीबांध सहित कई ग्राम पंचायतों के रिक्त पदों का पुनरीक्षण किया जाएगा। इसी प्रकार मुंगेली विकासखंड के हेड़सपुर, नागोपहरी, बिरगहनी तथा पथरिया विकासखंड के बदरा ब., सिलतरा, बावली, सांवा, बिरकोनी, कुकुसदा और बगबुड़वा ग्राम पंचायतों के पद शामिल हैं।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।