मुंगेली, 10 अप्रैल 2026// प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान के तहत जिले में चना फसल की समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू हो गई है।
कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार लोरमी सेवा सहकारी समिति में पहले दिन 7 किसानों से कुल 80 क्विंटल चना की खरीदी की गई। समर्थन मूल्य पर खरीदी शुरू होने से किसानों में उत्साह का माहौल है।

कृषि विभाग की उपसंचालक वीणा ठाकुर ने बताया कि प्राइस सपोर्ट स्कीम के तहत दलहनी एवं तिलहनी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने और किसानों को उचित मूल्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह योजना संचालित की जा रही है। योजना के अंतर्गत खरीफ सीजन में अरहर, मूंग, उड़द, मूंगफली एवं सोयाबीन तथा रबी सीजन में चना, मसूर एवं सरसों की खरीदी न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाती है।
जिले में चना के लिए 885.93 हेक्टेयर, सरसों के लिए 95.14 हेक्टेयर और मसूर के लिए 26.93 हेक्टेयर रकबे का पंजीयन किया गया है। चना की खरीदी 5875 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती कमल राजपूत द्वारा किया गया। इस अवसर पर रामेश्वर बंजारे, जवाहर दिवाकर, सुभाष सोनी, धनंजय कुर्रे सहित कृषि विभाग और समिति के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।