मुंगेली, 16 फरवरी 2026। जिले के टेढ़ाधौंरा की 23 वर्षीय सुप्रिया सिंह ने सीडीएस परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक प्राप्त की है। इस उपलब्धि के साथ वह भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनी हैं।
इस अवसर पर कुन्दन कुमार ने जिला कलेक्टोरेट में सुप्रिया से मुलाकात कर उपहार स्वरूप टैब प्रदान किया तथा बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सुप्रिया और उनके परिजनों को पुष्पाहार भेंटकर मुंह मीठा कराया और हालचाल जाना।

कलेक्टर ने कहा कि सीडीएस जैसी प्रतिस्पर्धी परीक्षा में ऑल इंडिया चौथी रैंक हासिल करना परिवार और जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प को सफलता का आधार बताया तथा उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभाशीष दिया।

सुप्रिया सिंह ने बताया कि उनकी प्रारंभिक शिक्षा मुंगेली में तथा उच्च शिक्षा बिलासपुर के महाविद्यालय में हुई है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, शिक्षकों और मार्गदर्शकों को दिया।