बलरामपुर, 13 फरवरी 2026। रामानुजगंज के विकास से जुड़े नए चरण के तहत रामविचार नेताम ने रामानुजगंज में नवनिर्मित अटल परिसर का फीता काटकर लोकार्पण किया। इस दौरान परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेयी की अष्टधातु प्रतिमा का अनावरण भी किया गया। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम की शुरुआत स्कूली बच्चों द्वारा स्वागत गीत की प्रस्तुति से हुई। समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री नेताम ने रामानुजगंज को मॉडल नगर के रूप में विकसित करने की बात कही। उन्होंने पूर्व में किए गए कार्यों की सराहना करते हुए बताया कि तय मॉडल के अनुरूप नगर में सड़कों का विस्तार हुआ है तथा बड़े स्तर पर रिनोवेशन और नाली निर्माण कार्य हुए हैं।

मंत्री नेताम ने कहा कि वार्डों में पेयजल, बिजली और नाली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी नहीं होने दी जाएगी। विकास कार्यों में आने वाली बाधाओं का समन्वय कर समाधान निकाले जाने की बात भी उन्होंने कही। उन्होंने क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने अटल परिसर के लोकार्पण को सुशासन का संदेश बताया। उन्होंने कहा कि राज्य शासन के प्रयासों से रामानुजगंज में शिक्षा, चिकित्सा और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का कार्य जारी है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री नेताम ने तीन हितग्राहियों को राशन कार्ड वितरित किए तथा अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और नगरवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।