मुंगेली// विकासखंड लोरमी में महिला उद्यमियों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 09 अप्रैल को मार्केट डेवलपमेंट असिस्टेंस (एमडीए) कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला का उद्देश्य महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह सदस्यों एवं महिला संचालित सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को बाजार से जोड़ना, उत्पादों की ब्रांडिंग एवं बिक्री को बढ़ावा देना तथा राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बाजार विस्तार के अवसर उपलब्ध कराना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद पंचायत लोरमी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेश कुमार कंवर द्वारा किया गया। उन्होंने महिला उद्यमिता को आर्थिक सशक्तिकरण और सामाजिक परिवर्तन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर के मेलों में भागीदारी, उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग एवं लेबलिंग, गुणवत्ता प्रमाणन, बी2बी एवं बी2सी मार्केट लिंकज, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से बिक्री विस्तार तथा सरकारी सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

AI Genrated
विशेषज्ञों ने सफल महिला उद्यमियों के उदाहरण प्रस्तुत करते हुए प्रतिभागियों को व्यावहारिक सुझाव दिए और उनकी शंकाओं का समाधान किया। साथ ही भविष्य की कार्ययोजना तैयार करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में जिलेभर से लगभग 30 महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूह प्रतिनिधियों एवं महिला संचालित उद्यमों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी बताया।
इस अवसर पर अविनाश चंद्र अहीरे, विभागीय अधिकारी, विपणन विशेषज्ञ एवं संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम एवं एएफसी इंडिया लिमिटेड द्वारा आभार प्रदर्शन के साथ किया गया।