मुंगेली, 13 फरवरी 2026। जल जीवन मिशन के तहत जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और ग्रामीणों को जल का महत्व बताने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत लिम्हा में जल अर्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुन्नूलाल मोहले, कुन्दन कुमार, प्रभाकर पाण्डेय, श्रीकांत पाण्डेय, शांति देवचरण भास्कर और रामकमल सिंह सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में धरमपुरा, गीधा, लिम्हा, लिलवाकापा और सिंगबांधा ग्राम पंचायतों में जल जीवन मिशन के पूर्ण कार्यों को संबंधित सरपंचों को हस्तांतरित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगीत वंदे मातरम और राज्यगीत “अरपा पैरी के धार” का सामूहिक गायन हुआ।

विधायक मोहले ने जल संरक्षण को सामाजिक आंदोलन का स्वरूप देने की आवश्यकता बताई और जल के प्रति संवेदनशील बनने पर बल दिया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर कुन्दन कुमार ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए “मोर गाँव-मोर पानी” महाअभियान की जानकारी दी तथा जल के दुरुपयोग से बचने की समझाइश दी। जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने नरेगा योजना के तहत सैंड फिल्टर, आजीविका डबरी, सोखता गड्ढा, वर्मी कम्पोस्ट, नाडेप गड्ढा, वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं और रेन वॉटर हार्वेस्टिंग कार्यों को प्रोत्साहित किए जाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम में जल समितियों और सक्रिय ग्रामीणों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यपालन अभियंता ने जल जीवन मिशन की प्रगति, तकनीकी पहलुओं और योजना के लाभों पर जानकारी दी।
अंत में जल संरक्षण, जल स्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और जल अपव्यय रोकने के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। स्कूली विद्यार्थियों ने रैली, नारा लेखन और पेंटिंग के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में सरपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।