एनएच 343 पर यात्री बसों की विशेष जांच अभियान

बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग 343 पर यात्री बसों की विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई 10 अप्रैल 2026 को पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी के निर्देशन में की गई।

परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान कुल 23 यात्री बसों की जांच की। जांच के दौरान 12 बसों में कमियां पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई।

एक बस में परमिट शर्तों के उल्लंघन पर मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं अन्य 11 बसों पर यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर विभिन्न धाराओं के तहत कुल 4600 रुपये का समन शुल्क वसूला गया। इस प्रकार कुल 9600 रुपये की राशि वसूल की गई।

कार्रवाई के दौरान परिवहन अधिकारी यशवंत यादव और यातायात प्रभारी विमलेश कुमार देवांगन ने बस चालकों और परिचालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्हें वैध दस्तावेज रखने, निर्धारित वर्दी पहनने, अनुज्ञप्ति पत्र रखने, शराब सेवन कर वाहन न चलाने और सीट बेल्ट का उपयोग करने के निर्देश दिए गए।

अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, निर्धारित किराया लागू कराना, बसों की समयबद्धता बनाए रखना और जन जागरूकता बढ़ाना है।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *