बलरामपुर, 13 अगस्त 2025// विश्व हाथी दिवस के अवसर पर वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी के नेतृत्व में वन परिक्षेत्र रामानुजगंज अंतर्गत वन वाटिका में विशेष कार्यक्रम एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं को हाथी संरक्षण, जैव विविधता एवं वर्तमान समय में बढ़ते हाथी-मनुष्य द्वंद के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान सभी विद्यार्थियों को वन वाटिका परिसर का भ्रमण कराया गया और अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षकों व हाथी मित्र दल के सदस्यों के साथ एन्टी स्नेयर फॉरेस्ट वॉक भी किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने चित्रकला और निबंध लेखन में अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, स्वामी आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम स्कूल, मां शारदा विद्या निकेतन, चाइल्ड एजुकेशन स्कूल, साईं बाबा पब्लिक स्कूल, शासकीय माध्यमिक शाला कोईरीटोला और सुभद्रा मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थी एवं शिक्षकगण उपस्थित थे। माध्यमिक एवं हाईस्कूल स्तर पर अलग-अलग वर्ग में प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं, जिनमें प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में हाथी मित्र दल के सदस्यों को जंगल भ्रमण हेतु चरण पादुका भेंट की गई। इस अवसर पर वन परिक्षेत्राधिकारी निखिल सक्सेना सहित वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

