रायपुर, 26 जनवरी 2026। 77वां गणतंत्र दिवस छत्तीसगढ़ में लोकतंत्र, संविधान और सुशासन के संकल्प के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली।
मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों और पुलिस जवानों के परिजनों को सम्मानित किया तथा छत्तीसगढ़ पुलिस बल को राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ का पदक देने की घोषणा की।
गणतंत्र दिवस संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत का संविधान लोकतांत्रिक आस्था, समानता और सामाजिक न्याय का आधार है। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

उन्होंने राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं, नक्सल उन्मूलन की दिशा में प्रगति, किसानों, श्रमिकों और महिलाओं के सशक्तीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, औद्योगिक विकास और सुशासन से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गणतंत्र दिवस राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले महापुरुषों और स्वतंत्रता सेनानियों को स्मरण करने का दिन है। उन्होंने संविधान निर्माताओं और डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए संविधान को सामाजिक समरसता और समान अधिकारों का प्रतीक बताया।

उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया। यह भवन छत्तीसगढ़ी अस्मिता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने वंदे मातरम् की 150वीं जयंती, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों का उल्लेख किया। उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह जनजातीय स्वतंत्रता संग्राम सेनानी डिजिटल संग्रहालय की जानकारी भी दी।
नक्सल समस्या पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा बलों के अभियानों से माओवादी हिंसा अंतिम चरण में है और मार्च 2026 तक प्रदेश को नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित है। आत्मसमर्पित नक्सलियों के पुनर्वास और विकास योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
किसानों से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि धान खरीदी 5 लाख मीट्रिक टन से बढ़कर 149 लाख मीट्रिक टन हो चुकी है और दो वर्षों में किसानों को बड़ी राशि अंतरित की गई है। अटल सिंचाई योजना के तहत लंबित परियोजनाएं पूरी की जा रही हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, ऊर्जा उत्पादन, महिला सम्मान राशि, शिक्षा सुधार, स्वास्थ्य सुविधाओं, औद्योगिक निवेश और पर्यटन विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी दी।
समारोह में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा शासकीय विभागों की विकास आधारित झांकियां निकाली गईं। मुख्यमंत्री ने अंत में विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान करते हुए गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं।