मुंगेली, 19 जनवरी 2026 — खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत आईसीसीसी रायपुर को सतर्क एप के माध्यम से राइस मिलों में वाहन क्षमता से अधिक धान परिवहन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर कलेक्टर कुन्दन कुमार ने संयुक्त जांच दल का गठन कर जांच के निर्देश दिए।
संयुक्त जांच दल द्वारा जिले की 13 राइस मिलों की जांच की गई। जांच के दौरान उपलेटा राइस मिल, हाजी राइस मिल, उपलेटा ट्रेडर्स, हाजी परबोइलिंग, एस.एस. फूड, नेशनल दाल मिल, नवकार दाल उद्योग, वर्धमान राइस मिल, जैन राइस इंडस्ट्रीज, वर्धमान मिलिंग इंडस्ट्रीज और जनता राइस मिल सहित अन्य मिलों में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

नियम उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित सभी 13 राइस मिलों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। साथ ही मिलिंग कार्य पर रोक लगाने के लिए मिलर्स की मिल आईडी ब्लॉक करने और शेष उठाव के लिए जारी डी.ओ. निरस्त करने संबंधी पत्र उच्च कार्यालय को भेजा गया है।
कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी में पारदर्शिता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और धान खरीदी, भंडारण एवं परिवहन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राज्य शासन के निर्देशानुसार खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों से धान उठाव की प्रक्रिया की निगरानी के लिए आईसीसीसी कमांड सेंटर के माध्यम से वाहनों को जीपीएस से ट्रैक किया जा रहा है। निर्धारित क्षमता से अधिक धान परिवहन, मार्ग परिवर्तन या असामान्य ठहराव की जानकारी पोर्टल पर प्रदर्शित होने पर जिला स्तर पर जांच की जाती है।
अवैध धान भंडारण और परिवहन को रोकने के लिए जिले की सीमाओं, चेक पोस्टों और आंतरिक चेक पोस्टों पर सतत निगरानी, रात्रिकालीन गश्त और संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही है। जिले में स्थापित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के माध्यम से खरीदी, भंडारण और परिवहन की रियल टाइम निगरानी की जा रही है।