4.5 किलोमीटर पीछा कर पकड़ी गई 200 बोरी अवैध धान से भरी गाड़ियाँ
बलरामपुर जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने प्रशासन लगातार सख्ती कर रहा है। इसी क्रम में निगरानी टीम ने रात में चलाए गए अभियान के दौरान दूसरे राज्य से लाई जा रही बड़ी मात्रा में अवैध धान पकड़ा। प्रशासनिक कार्रवाई के तहत दो पिकअप वाहन जब्त किए गए, जिनमें कुल लगभग 200 बोरी धान भरा हुआ पाया गया।

कलेक्टर के निर्देश पर अवैध परिवहन पर कड़ी निगरानी
खरीफ विपणन वर्ष 2025–26 के लिए धान खरीदी शुरू होने के साथ ही कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सिर्फ वास्तविक किसानों से ही धान खरीदी की जाए और अवैध परिवहन पर तत्काल कार्रवाई हो।
इन्हीं निर्देशों के पालन में राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की संयुक्त टीम को सक्रिय किया गया है।
रात 3:30 बजे संयुक्त टीम की कार्रवाई, पकड़ा गया माल
रामानुजगंज के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व आनंद राम नेताम के नेतृत्व में टीम ने दूसरे प्रदेश से आ रही दो पिकअप वाहनों का लगभग 4.5 किलोमीटर पीछा किया।
वाहनों में भरे धान के संबंध में चालक कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिसके बाद दोनों गाड़ियों को जब्त कर संबंधित थाने में सुपुर्द किया गया।
कोचियों और बिचौलियों पर कार्रवाई जारी, नागरिकों से अपील
जिले में अवैध धान की आवक रोकने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन ने कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रखी है।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि यदि धान खरीदी से जुड़ी किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या अनियमितता की जानकारी हो, तो वे शिकायत दर्ज करा सकते हैं। शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।