बलरामपुर-रामानुजगंज। चौकी तातापानी पुलिस ने मोबाइल दुकान में घुसकर चोरी करने वाले आदतन चोर अभिषेक पन्ना उर्फ गुटखा को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी से चोरी किया गया मोबाइल और नकदी बरामद कर लिया।

मामला 13 सितंबर 2025 का है, जब ग्राम तातापानी दामोदरपुर स्थित थनगांव रोड पर प्रार्थी अक्षय कुमार गुप्ता की “ओम मोबाइल दुकान” को बंद कर घर जाने के बाद चोरी की घटना हुई। अगले दिन सुबह जब दुकान खोली गई तो सीट उखड़ी हुई थी और 2 मोबाइल फोन के साथ करीब 500 रुपये नकद गायब थे।

प्रार्थी द्वारा दी गई शिकायत पर चौकी तातापानी में अपराध क्रमांक 160/2025 धारा 305(क), 331(4) के तहत मामला दर्ज किया गया। दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच में पता चला कि ग्राम तातापानी निवासी अभिषेक पन्ना उर्फ गुटखा चोरी की वारदात को अंजाम दिया है।
विवेचना के दौरान संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लिया गया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार किया और चोरी गया सामान भी बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।