बलरामपुर। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने ट्रैक्टर के माध्यम से गांजा तस्करी के मामले में एंड टू एंड कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित तीन अन्य आरोपियों को सासाराम, बिहार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। कार्रवाई 12 जनवरी 2026 को की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में रंजन श्रीवास्तव (30 वर्ष) निवासी तिलकापुर सासाराम, धीरज कुमार सिंह (36 वर्ष) निवासी तुर्की बाजार सासाराम और विनय पासवान (36 वर्ष) निवासी मोहदी गंज सासाराम शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इससे पहले 26 अगस्त 2025 की रात ओडिशा के बलांगीर क्षेत्र से अवैध रूप से गांजा ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे बने चेंबर में छिपाकर बिहार ले जाया जा रहा था। बलरामपुर थाना क्षेत्र के दलधोवा घाट में दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक अनुज कुमार के कब्जे से 125 किलोग्राम गांजा बरामद कर जप्त किया गया था। अनुज कुमार को 2 सितंबर 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।

प्रकरण में आगे की जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल से प्राप्त जानकारी के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की गई। इसी क्रम में ज्ञानचंद पासवान को 18 अक्टूबर 2025 को सासाराम से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
मुख्य आरोपी रंजन श्रीवास्तव और सह आरोपियों धीरज कुमार सिंह व विनय पासवान को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर सासाराम में स्थानीय पुलिस के सहयोग से पकड़ा गया। उन्हें थाना बलरामपुर लाकर 12 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
आरोपियों के कब्जे से घटना के दौरान पायलटिंग में उपयोग की गई एक मारुति ब्रेजा कार और एक टोयोटा ग्लैंजा कार जप्त की गई है। कार्रवाई में थाना बलरामपुर पुलिस टीम और रोहतास जिले की सासाराम पुलिस की भूमिका रही।