तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, एक की मौत – मुंगेली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया

मुंगेली। जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के एक मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। घटना 25 नवंबर 2025 को कोतवाली थाना क्षेत्र के श्रीजी फ्यूल्स के सामने हुई, जहां एक कार चालक ने तेजी व लापरवाही से वाहन चलाते हुए दो लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना की रिपोर्ट प्रार्थी जयराम साहू निवासी रामगढ़ ने मुंगेली थाना पहुंचकर दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कार क्रमांक CG 28 E 7127 के चालक ने तेज रफ्तार में आकर खुमेंश साहू तथा लेखचंद साहू को टक्कर मार दी, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।



घायलों को तत्काल उपचार हेतु जिला अस्पताल मुंगेली ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने खुमेंश साहू को मृत घोषित कर दिया। वहीं लेखचंद साहू को पैर एवं शरीर में गंभीर चोटें आईं, जिनका अस्पताल में इलाज जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीता कोर, सीएसपी तथा थाना प्रभारी मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

कार चालक के विरुद्ध थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 517/2025, धारा 281, 125(ब), 106(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है तथा आगे की विवेचना जारी है।

पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे सुरक्षित एवं नियंत्रित गति से वाहन चलाएं, ताकि ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *