सांवरा जनजाति हेतु दाऊकापा में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर

मुंगेली, 08 जनवरी 2026// आधुनिक चिकित्सा पद्धति से सांवरा जनजाति को जोड़ने के उद्देश्य से ग्राम दाऊकापा में विशेष निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी शीला साहा के मार्गदर्शन में किया गया।

शिविर में सांवरा समुदाय के 142 महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराकर उपचार कराया। जांच के दौरान उच्च रक्तचाप के 12, मोतियाबिंद के 11, दाद-खाज-खुजली के 27, सर्दी-खांसी के 17, बॉडी पेन के 14, मधुमेह के 06, कमजोरी के 13, कान संक्रमण के 06 तथा कुपोषण के 02 मरीज पाए गए।

सामान्य रोगियों का मौके पर ही उपचार किया गया, जबकि गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में इलाज कराने की सलाह दी गई।

डॉ. मनीष बंजारा ने बताया कि शिविर के माध्यम से समुदाय को स्वास्थ्य, टीकाकरण एवं सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया। परामर्श स्थानीय भाषा में दिया गया, जिससे लोगों ने अपनी समस्याएं सहज रूप से साझा कीं। शिविर में मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, गैर-संचारी रोगों की जांच, मौसमी बीमारियों एवं सर्पदंश से बचाव की जानकारी दी गई तथा निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

कार्यक्रम के दौरान समुदाय को टोना-टोटका एवं झाड़-फूंक से उपचार न कराने, सर्पदंश की स्थिति में तत्काल अस्पताल जाने तथा समय पर टीकाकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर में चिकित्सक, स्वास्थ्य कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *