मुंगेली/21 दिसंबर 2025//
संसदीय क्षेत्र स्तरीय सांसद खेल महोत्सव का आयोजन बिलासपुर जिले के बहतराई स्टेडियम में उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता में मुंगेली जिले से 252 खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में भाग लेकर जिले का प्रतिनिधित्व किया। कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मुंगेली ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।
वरिष्ठ खेल अधिकारी संजय पॉल ने बताया कि इस खेल महोत्सव में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने भाग लिया और प्रतिस्पर्धात्मक खेल भावना का प्रदर्शन किया।

कबड्डी में मुंगेली का दबदबा
कबड्डी प्रतियोगिता के बालक वर्ग में मुंगेली प्रथम स्थान पर रहा, जबकि पथरिया को द्वितीय स्थान प्राप्त हुआ। बालिका वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिता में पथरिया ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
अन्य खेलों में भी सराहनीय प्रदर्शन
अन्य प्रतियोगिताओं में भी मुंगेली जिले के खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन किया। रिले दौड़ के बालिका वर्ग में पथरिया को तृतीय स्थान और बालक वर्ग में लोरमी को तृतीय स्थान मिला।
पैदल दौड़ (बालिका वर्ग) में पथरिया ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया, वहीं 400 मीटर दौड़ में लोरमी द्वितीय स्थान पर रहा।
इसके अलावा वॉलीबॉल के बालक एवं बालिका वर्ग में लोरमी को तृतीय स्थान मिला, जबकि रस्साकसी (बालिका वर्ग) में पथरिया ने तृतीय स्थान अर्जित किया।
खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर कलेक्टर कुन्दन कुमार और जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पांडे ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
