रायपुर, 10 जनवरी 2026। सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रयासों से सिरपुर के 17 स्थानीय गाइडों को एक माह के विशेष पर्यटन प्रशिक्षण के लिए भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान, ग्वालियर भेजा गया है। यह आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सिरपुर जैसे ऐतिहासिक और पुरातात्विक स्थल पर पर्यटन को सुदृढ़ करने की दिशा में शुरू किया गया है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ आईआईटीटीएम ग्वालियर के निदेशक द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में विरासत पर्यटन, गाइडिंग कौशल, आगंतुक प्रबंधन, स्टोरी टेलिंग, सांस्कृतिक व्याख्या और जिम्मेदार पर्यटन जैसे विषय शामिल हैं।

यह कार्यक्रम सिरपुर की पर्यटन आवश्यकताओं और संभावनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, ताकि प्रशिक्षण के बाद गाइड पर्यटकों को बेहतर और तथ्यपरक जानकारी प्रदान कर सकें। प्रशिक्षण उपरांत सिरपुर में पर्यटन से जुड़ी नई पहलों के शुभारंभ की योजना भी रखी गई है।
सिरपुर एक प्राचीन पुरातात्विक और बौद्ध विरासत स्थल है, जो मध्य भारत में बौद्ध शिक्षा का प्रमुख केंद्र रहा है। ऐतिहासिक अभिलेखों के अनुसार यहां 100 से अधिक विहार थे, जहां 10 हजार से अधिक बौद्ध भिक्षु शिक्षा प्राप्त करते थे।
सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी धम्मशील गणवीर ने बताया कि राज्य में हेरिटेज पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।