सरगुजा में 82 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

रायपुर, 8 दिसम्बर 2025
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने सोमवार को सरगुजा संभागीय मुख्यालय अंबिकापुर में 82.23 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्य शामिल रहे, जिनका उद्देश्य क्षेत्र में आवागमन, स्वच्छता, शहरी सुविधाओं और पेयजल आपूर्ति को सुदृढ़ करना है।

श्री साव ने स्वच्छता पार्क में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण किया। इसके साथ ही लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और नगरीय प्रशासन विभाग के विभिन्न कार्यों का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में सरगुजा तेज़ी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि 23 महीनों में अंबिकापुर के लिए 209 करोड़ रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं। लोक निर्माण विभाग द्वारा सरगुजा संभाग में सड़कों के लिए 1737 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।


सड़क निर्माण के लिए 27.95 करोड़ के छह कार्य

श्री साव ने लोक निर्माण विभाग की ओर से 27.94 करोड़ रुपये लागत के छह सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें फरसाबहार–धरमपुर, बतौली–शांतिकुंज, फरसाबहार–जनरलगो, डूमरपाखना–पेण्डरमारी, कटकोना शिवान तथा पोईबोहरा–गुढ़उपूरीगुड़ा–बुढ़ा गांव मार्ग शामिल हैं।
इन मार्गों के निर्माण से आवागमन बेहतर होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।


शहरी क्षेत्र में 33.79 करोड़ की परियोजनाएँ

अंबिकापुर नगर निगम क्षेत्र के लिए 33.78 करोड़ रुपये की छह परियोजनाओं का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया। इसमें अटल परिसर, माँ महामाया कॉरिडोर, पुष्प वाटिका, सरगवा पार्क, पेयजल पाइपलाइन विस्तार, दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन, नालंदा परिसर और स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत कार्य शामिल हैं।
इन परियोजनाओं से शहर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, सामुदायिक संरचना और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।


32 करोड़ से अधिक की नल-जल योजनाएँ

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा भिट्टीकला, कंचनपुर, नवानगर, देवीटिकरी सहित 20 से अधिक गांवों में कुल 32.09 करोड़ रुपये की नल-जल योजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इन योजनाओं के माध्यम से हर घर में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, रामकुमार टोप्पो, कई आयोगों के अध्यक्ष, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।


Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *