मुंगेली, 02 मार्च 2026। जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और गतिविधियों की समीक्षा की गई। बैठक कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार आयोजित हुई।

अपर कलेक्टर निष्ठा पांडेय तिवारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को लक्ष्य अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने और जनहित से जुड़े मामलों में जवाबदेही के साथ काम करने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि, खाद्य, महिला एवं बाल विकास और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी सहित अन्य विभागों की प्रगति पर चर्चा हुई।
बैठक में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आधार पंजीयन और अद्यतन की स्थिति की समीक्षा की गई। शत-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए तथा आधार संबंधी कार्यों में लापरवाही न बरतने की बात कही गई।
पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से जोड़ने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को प्रभावी कार्ययोजना बनाकर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

आगामी होली पर्व के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नगरीय निकायों में पर्याप्त जलापूर्ति, स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता तथा आपात स्थिति से निपटने की तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में होली मनाने पर बल दिया गया।
न्यायालयीन प्रकरणों में पारित आदेशों का समय-सीमा में पालन और सीएम जनदर्शन के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश भी दिए गए। दूर-दराज से आने वाले नागरिकों की समस्याओं के शीघ्र समाधान पर जोर दिया गया।