स्कूल में कलेक्टर ने बच्चों संग किया न्योता भोज

मुंगेली, 08 दिसंबर 2025 // विकासखण्ड मुंगेली के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला फास्टरपुर में पारंपरिक ‘न्योता भोज’ कार्यक्रम उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर कुन्दन कुमार और जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभाकर पाण्डेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ पंक्तिबद्ध बैठकर भोजन किया और बच्चों का मनोबल बढ़ाया।

कार्यक्रम की शुरुआत माँ सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन से हुई। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ देकर अतिथियों का स्वागत किया। कलेक्टर ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे प्रदेश का भविष्य हैं और मेहनत तथा लगन से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने सुरक्षित वाहन चलाने, हेलमेट उपयोग, नियमित अध्ययन और माता-पिता व गुरुजनों के सम्मान का संदेश दिया।



जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय ने बताया कि जिले में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विशेष प्रयास जारी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि इसी विद्यालय का एक पूर्व छात्र वर्तमान में जिला शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत है, जो ग्रामीण क्षेत्रों की संभावनाओं को दर्शाता है। उन्होंने छात्रों से दसवीं और बारहवीं परीक्षाओं में 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने का लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्राचार्य पूर्णिमा मिश्रा ने बताया कि ‘न्योता भोज’ का उद्देश्य विद्यार्थियों में भाईचारा, सहयोग और सामाजिक समरसता को बढ़ाना है। विद्यालय पिछले 55 वर्षों से संचालित है, जहाँ 775 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और सभी को नियमित मध्यान्ह भोजन की सुविधा उपलब्ध है। उन्होंने बताया कि शिक्षा सत्र 2025-26 में विद्यालय भवन की मरम्मत, रंग-रोगन, किचन शेड निर्माण, स्टाफ रूम और पेयजल व्यवस्था जैसी कई महत्वपूर्ण सुविधाओं का विकास किया गया है। ‘मिशन 90 प्लस’ के तहत अतिरिक्त कक्षाएँ और शैक्षणिक गतिविधियाँ भी संचालित की जा रही हैं।

कार्यक्रम में सेवानिवृत्त शिक्षक रामभजन देवांगन का सम्मान किया गया। साथ ही शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर जर्जर भवनों के व्यवस्थापन, बाउंड्री वॉल और अन्य आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए निर्देश दिए।

कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी एल. पी. डाहिरे, बीईओ जीतेन्द्र बावरे, शिक्षक-शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *