पथरिया। मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत गोइन्द्री में संचालित शासकीय प्राथमिक शाला गोइन्द्री में मूलभूत सुविधाओं का अभाव सामने आया है। विद्यालय में अध्ययनरत लगभग 197 छात्र-छात्राएं सुरक्षा जोखिमों और अव्यवस्थाओं के बीच शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं।
विद्यालय में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए पृथक पुरुष एवं महिला शौचालयों की समुचित व्यवस्था नहीं है। विशेष रूप से बालिकाओं को इस कारण असुविधा का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी नियमित पढ़ाई प्रभावित हो रही है।

विद्यालय परिसर के मध्य से 11 केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। यह लाइन भवन और बच्चों के आवागमन क्षेत्र के निकट स्थित है, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। पूर्व में भी इस खतरे की जानकारी प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
विद्यालय में कक्षा पहली से पांचवीं तक 197 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं, जबकि केवल तीन शिक्षक पदस्थ हैं। शिक्षक संख्या कम होने से शिक्षण कार्य और शैक्षणिक गुणवत्ता प्रभावित हो रही है।
विद्यालय परिसर के अतिरिक्त कक्ष सहित अन्य भवन जर्जर अवस्था में हैं। छतों से प्लास्टर गिरना और दीवारों में दरारें आम हो चुकी हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
इन समस्याओं को लेकर ग्राम पंचायत गोइन्द्री निवासी समीर कुमार टंडन ने जिला कलेक्टर मुंगेली के जनदर्शन कार्यक्रम में प्रतिवेदन सौंपा। प्रतिवेदन में पृथक शौचालय निर्माण, हाईटेंशन लाइन को हटाने या डायवर्ट करने, अतिरिक्त शिक्षकों की पदस्थापना और जर्जर भवनों के ध्वस्तीकरण की मांग की गई है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने विद्यालय को सुरक्षित बनाने की मांग करते हुए कहा कि बच्चों की शिक्षा के साथ उनकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
शासकीय प्राथमिक शाला गोइन्द्री,मुंगेली,पथरिया विकासखंड,शिक्षा व्यवस्था,विद्यालय सुरक्षा,जनदर्शन,ग्रामीण शिक्षा