शराब दुकान खोलने का विरोध, ग्रामीणों ने दिया आवेदन




मुंगेली — पथरिया ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्राम अमोरा में सरकारी शराब दुकान खोले जाने के विरोध में आज ग्रामीणों ने एकजुट होकर जिला कलेक्टर जनदर्शन पहुंचकर आवेदन  सौंपा।

ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी हजारों की संख्या में उन्होंने शराब दुकान न खोलने की मांग को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई थी, जिस पर उन्हें आश्वासन भी मिला था। बावजूद इसके अब शासन ने शराब दुकान खोलने की तैयारी पूरी कर ली है, यहां तक कि भवन निर्माण का कार्य भी पूरा हो चुका है।

गांव में हायर सेकेंडरी स्कूल स्थित है और दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राएं रोज़ इसी रास्ते से स्कूल जाते हैं। ऐसे में शराब दुकान खुलने से बच्चों की सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता जताई जा रही है।



ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि अधिकारियों ने पहले शराब दुकान न खोलने के समर्थन में हस्ताक्षर लिए थे, लेकिन अब उन्हीं हस्ताक्षरों को आधार बनाकर यह झूठा दावा किया जा रहा है कि ग्रामीणों ने शराब दुकान खोलने की मांग की है। इस बात से ग्रामीण बेहद आहत हैं।

आज सैकड़ों ग्रामीणों ने कलेक्टर से मुलाकात कर फिर से शराब दुकान को रोकने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि शासन ने गांव में शराब दुकान खोली तो वे मुख्य मार्ग पर चक्का जाम करने जैसे उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *