शराब दुकान के सामने  खोली पाठशाला

पथरिया क्षेत्र में बढ़ती अवैध शराब बिक्री के विरोध में शुक्रवार को युवा कांग्रेस पथरिया ने अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। स्थानीय शासकीय शराब दुकान के सामने “मधुशाला के बाहर पाठशाला” लगाकर युवाओं ने पेन, पुस्तक और कॉपी का निःशुल्क वितरण किया।



इस विरोध प्रदर्शन की पृष्ठभूमि में हाल ही में ग्राम बावली स्थित शासकीय विद्यालय से 10 पेटी शराब और 30 लीटर स्पिरिट बरामद होने की घटना रही। स्कूल के कमरे में बंद ताले के भीतर पाई गई शराब पर मध्य प्रदेश का मोनो लगा हुआ था। वहीं शराब बनाने के लिए उपयोग किए जाने वाले ढक्कन, लेबल और स्पिरिट भी जब्त किए गए। यह खबर सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

घटना के विरोध में युवा कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि प्रदेश सरकार अवैध और नकली शराब कारोबार को संरक्षण दे रही है। युवा कांग्रेस पथरिया अध्यक्ष राहुल राजपूत ने कहा कि “भाजपा सरकार ने हजारों स्कूल बंद कर नई शराब दुकानें खोल दी हैं, और अब विद्यालयों को भी मदिरालय बनाने का काम किया जा रहा है। इसी के विरोध में हमने शराब दुकान के सामने पाठशाला लगाई और बच्चों को पढ़ाई से जोड़ने का संदेश दिया।”

इस प्रदर्शन में युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष राजेश छेड़ैया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष घनश्याम वर्मा, ओबीसी कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष दिलीप कौशिक, जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर और विधानसभा उपाध्यक्ष साहिल हुसैन ने भाग लिया और प्रदेश सरकार की नीतियों की आलोचना की। कार्यक्रम का संचालन नगर पार्षद दीपक साहू ने किया।

प्रदर्शन उपरांत महामहिम राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपते हुए उच्च स्तरीय जांच समिति गठित कर निष्पक्ष जांच की मांग की गई। इस अवसर पर युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव असद खोखर, मुकेश मेरी, सौरभ शुक्ला सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *