शिक्षा न्याय आंदोलन के तहत बीईओ कार्यालय का घेराव, ज्ञापन सौंपा गया



मुंगेली। शिक्षा न्याय आंदोलन के दूसरे चरण के तहत 12 जून को पथरिया ब्लॉक में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय का घेराव कर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया गया। आंदोलन का नेतृत्व कई वर्तमान व पूर्व विधायकों के साथ-साथ जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी पथरिया के पदाधिकारियों ने किया।



यह चरणबद्ध आंदोलन पूरे प्रदेश में 9 जून से चलाया जा रहा है। जिले में लोरमी व मुंगेली ब्लॉकों में पहले ही आंदोलन किया जा चुका है। पथरिया में आयोजित इस प्रदर्शन में जिलाध्यक्ष घनश्याम वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था के साथ खिलवाड़ कर रही है, जिसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के लगभग 10,463 स्कूलों पर बंद होने का खतरा मंडरा रहा है, जिससे हजारों शिक्षकों, रसोइयों, सफाई कर्मचारियों और स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के रोजगार पर संकट आ सकता है।



वर्मा ने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान शिक्षक भर्ती के बड़े-बड़े वादे करने वाली भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही न केवल नई भर्ती पर रोक लगा दी बल्कि मौजूदा शिक्षकों की नौकरी पर भी खतरा खड़ा कर दिया है। वहीं, स्कूल बंद करने के समानांतर 67 नई शराब दुकानों का खुलना सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़े करता है।

उन्होंने बताया कि इस आंदोलन को प्रदेशभर के पालकों का भी भरपूर समर्थन मिल रहा है। बड़ी संख्या में पालकों ने प्रदर्शन में भाग लिया और ज्ञापन सौंपा। अगर प्रशासन ने जल्द शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं किया, तो अगले चरण में जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का घेराव किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान कई ग्रामीणों ने भी अन्य विभागों की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट होकर मंच से कांग्रेस नेताओं को अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए ज्ञापन सौंपा।

प्रदेश सरकार के लिए प्रार्थना और शहीद को श्रद्धांजलि

प्रदर्शन की शुरुआत पथरिया स्थित हनुमान मंदिर में प्रदेश सरकार की सद्बुद्धि के लिए प्रार्थना कर की गई। वहीं, हाल ही में नक्सली हमले में शहीद हुए एडिशनल एसपी स्व. आकाश राव गिरिपुंजे को भी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

संगठन प्रभारी आलोक सिंह ने कहा, “पथरिया ब्लॉक शिक्षा अधिकारी का घेराव इस बात का प्रतीक है कि कांग्रेस पार्टी शिक्षकों और पालकों के साथ खड़ी है। जब तक शिक्षा के साथ अन्याय होता रहेगा, कांग्रेस की यह लड़ाई जारी रहेगी।”

इस अवसर पर आलोक सिंह, घनश्याम वर्मा, संजीत बनर्जी, हेमेंद्र गोस्वामी, आत्मा सिंह क्षत्रिय, राजा ठाकुर, स्वतंत्र मिश्रा, संजय यादव, जागेश्वरी वर्मा, उर्मिला यादव, मायारानी सिंह, हेमिन मंगेश्कर, नरेश पाटले, दिलीप बंजारा, रमेश कश्यप, सहित पथरिया, मुंगेली व लोरमी ब्लॉक के बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *