समाचार:
बलरामपुर, 18 जनवरी 2026। जिले में नागरिकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरकोल, चलगली, उप-स्वास्थ्य केंद्र कपिलदेवपुर, गिरवरगंज तथा वाड्रफनगर स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीएमएचओ ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, साफ-सफाई, मानव संसाधन की उपलब्धता और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने प्राथमिक एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में ओपीडी संचालन, दवा उपलब्धता, स्वच्छता व्यवस्था और अभिलेख संधारण की समीक्षा की।

डॉ. सिंह ने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए गर्भवती महिलाओं के पंजीयन, समय पर एएनसी जांच, उच्च जोखिम गर्भावस्था का चिन्हांकन, रेफरल व्यवस्था, संस्थागत प्रसव, प्रसव उपरांत देखभाल एवं टीकाकरण सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उप-स्वास्थ्य केंद्र गिरवरगंज बंद पाया गया। इस पर सीएमएचओ ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए और भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति न हो, यह सुनिश्चित करने को कहा।
इसके पश्चात वाड्रफनगर स्थित 100 बिस्तरीय अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में अस्पताल के वार्ड एवं शौचालयों में अपेक्षित स्तर की साफ-सफाई नहीं पाई गई। वार्डों में शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का प्रदर्शन नहीं किया गया था, वहीं एनआरसी में भर्ती बच्चों का फूड चार्ट भी प्रदर्शित नहीं था। टीबी जांच की प्रगति कम पाई गई तथा ड्यूटी रोस्टर के अनुसार कर्मचारी अनुपस्थित मिले, जिस पर सीएमएचओ ने नाराजगी व्यक्त की।
अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए सीएमएचओ ने प्रभारी अधिकारी को अस्पताल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए और सभी संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान डॉ. सिंह ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने मुख्यालय में अनिवार्य रूप से निवास करने, समय पर ड्यूटी में उपस्थित रहने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी जारी रहेगी।
