पथरिया (छत्तीसगढ़), 04 दिसंबर 2025।
पथरिया ब्लॉक के ग्राम पंचायत चुनचुनिया से करही मार्ग होते हुए नगपुरा तक लगभग 4 किलोमीटर सड़क निर्माण कार्य में अवैध मुरूम उत्खनन का मामला सामने आया है। यह सड़क PWD विभाग के तहत बनाई जा रही है। ग्रामीणों के अनुसार ठेकेदार, नगपुरा पंचायत के सरपंच और सचिव की मिलीभगत से शासकीय भूमि और बांध क्षेत्र से बड़े पैमाने पर मुरूम निकाला जा रहा है।

नाम और पहचान ना उजागर के शर्त पर ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण स्थल पर किसी प्रकार का सूचना बोर्ड नहीं लगाया गया है, जिससे निर्माण कार्य की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा बिना किसी रॉयल्टी भुगतान और अनुमति के ट्रकों के माध्यम से सैकड़ों ट्रिप मुरूम इस सड़क पर डाले जाने की बात भी सामने आई है। राजस्व और खनिज विभाग की अनदेखी से शासन को लाखों रुपये के राजस्व नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
मीडिया के मौके पर पहुंचने पर नगपुरा बांध के किनारे राजस्व भूमि से मुरूम निकाला जा रहा था। ट्रक चालकों ने स्वीकार किया कि यह खनन ठेकेदार के निर्देश पर किया जा रहा है।
प्रशासनिक प्रतिक्रिया
पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा ने बताया कि उन्हें अवैध उत्खनन की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि मामले की सूचना खनिज विभाग को भेजी जाएगी और जांच के बाद दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।
जिला खनिज अधिकारी ज्योति मिश्रा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, परंतु उन्होंने फोन नहीं उठाया। खनिज अधिकारी को व्हाट्सऐप पर खनन स्थल और गाड़ियों के वीडियो-फोटो भेजे गए हैं, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
अब देखने वाला विषय यह होगा कि जिम्मेदार विभाग इस अवैध खनन पर क्या कार्रवाई करते हैं और क्या सड़क निर्माण कार्य में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाती है।