रीवा, 04 अगस्त 2025 — रीवा पुलिस द्वारा आज दो अलग-अलग मामलों में महत्वपूर्ण कार्रवाई की जानकारी दी गई। एक ओर जहां 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण के मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर उसे सुरक्षित परिजनों के पास पहुंचाया गया, वहीं दूसरी ओर मीडिया में चल रही “8 बोरी सिरप बरामदगी” की खबर को लेकर पुलिस ने औपचारिक खंडन जारी किया है।
थाना चोरहटा पुलिस ने किया बच्ची के अपहरण का खुलासा
थाना चोरहटा अंतर्गत एक 10 वर्षीय बच्ची के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द किया है।
पुलिस अधीक्षक रीवा श्री विवेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋतु उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चोरहटा निरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
घटना के अनुसार, दो अज्ञात व्यक्ति बच्ची को मोटरसाइकिल पर लेकर फरार हो गए थे। FIR दर्ज होते ही थाना प्रभारी और उनकी टीम ने शहर व आसपास के 20 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले और आखिरकार 10 वर्षीय पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ में यह सामने आया कि बच्ची को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था। एक निजी स्कूल की शिक्षिका द्वारा बच्ची को पहचाना गया, जिससे महत्वपूर्ण सुराग मिला। पूरी कार्रवाई में स्कूल प्रबंधन और स्थानीय लोगों की भी भूमिका रही।
सिरप बरामदगी को लेकर पुलिस ने किया मीडिया खबर का खंडन
कुछ इलेक्ट्रॉनिक मीडिया चैनलों पर यह खबर प्रसारित की जा रही थी कि रीवा पुलिस ने एक स्कूल से 8 बोरी नशीली सिरप बरामद की है। रीवा पुलिस ने इसे पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन करार दिया है।
पुलिस का कहना है कि न तो FIR में, न ही किसी जांच दस्तावेज में 8 बोरी सिरप किसी स्कूल से बरामद होने का उल्लेख है। मौके से और आसपास से करीब 600 शीशियाँ नशीली सिरप ज़रूर बरामद हुई हैं, लेकिन वो किसी स्कूल से नहीं बल्कि स्कूल के आसपास के क्षेत्र से मिली हैं।
पुलिस ने मीडिया से अपील की है कि बिना पुष्टि के भ्रामक खबरें न चलाई जाएँ, जिससे जनमानस में भ्रम की स्थिति न बने।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चोरहटा आशीष मिश्रा, सउनि मनोज बागरी, आर. धर्मेंद्र पटेल, आर. आरती, आर. तेजा आदि की भूमिका सराहनीय रही।



