रीवा। (राजीव मिश्रा)
पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में शहर में हो रही चोरी, नकबजनी, लूट, गोली चलाना, सड़क दुर्घटनाओं की गंभीरता को लेकर चर्चा की गई
अपराधों की रोकथाम के लिए गोली चलाने के मामलों में गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी एकत्र करने एवं उनकी गतिविधियों पर नजर रखने, रात्रि गश्त मुस्तैदी से करने, पेंडिंग अपराधों/मर्गों की समीक्षा, महिला संबंधी अपराधों, एससी/एसटी के प्रकरण तथा न्यायालय के लंबित मामलों की समीक्षा की गई। विशेष रूप से थाना प्रभारी को समय-सीमा में विवेचना पूर्ण करने, सीसीटीवी फुटेज, डार्क वेब और साइबर अपराधों पर ध्यान केंद्रित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में टी.आई.एन.बी. द्वारा उचित संयोजन, गुम इंसान एवं अपहृत बच्चों के दस्तयाबी, मर्ग विवेचना, गिरफ्तारी, स्थाई वारंट, जमानतीय वारंट, जमानत निरस्ती, वाहन चेकिंग, अवैध शराब की तस्करी, जुआ, सट्टा, हिस्ट्रीशीटर, निगरानी बदमाशों पर कार्रवाई और ड्रग तस्करों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
साथ ही मोबाइल चोरी की घटनाओं की रोकथाम हेतु NCRP/CEIR पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हितेंद्र सिंह, नगर पुलिस अधीक्षक रित्व उपाध्याय, राजीव पाठक सहित जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे
