बैगा जनजाति से मुलाकात, अचानकमार टाइगर रिजर्व का भ्रमण और महामाया मंदिर में दर्शन शामिल
रायपुर, 03 मार्च 2026।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका 4 एवं 5 मार्च 2026 को रायपुर से बिलासपुर और मुंगेली जिले के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। जारी अधिकृत कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल निर्धारित समयानुसार विभिन्न स्थलों का भ्रमण करेंगे तथा स्थानीय समुदायों से संवाद भी करेंगे।
4 मार्च 2026 (बुधवार)
राज्यपाल शाम 5:30 बजे लोक भवन, रायपुर से सड़क मार्ग द्वारा मुंगेली जिले के चांदखुरी स्थित विश्राम गृह के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां पहुंचने के पश्चात वे बिलासपुर स्थित शिवतराई रिसॉर्ट (बैगा रिसॉर्ट) के लिए रवाना होंगे। रात्रि विश्राम शिवतराई रिसॉर्ट, बिलासपुर में निर्धारित है।

5 मार्च 2026 (गुरुवार)
अगले दिन सुबह 10:30 बजे राज्यपाल शिवतराई रिसॉर्ट से शिवतराई गांव (जिला बिलासपुर) के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां वे बैगा जनजाति के लोगों से मुलाकात एवं संवाद करेंगे। इसके बाद वे अचानकमार टाइगर रिजर्व पहुंचकर सफारी में शामिल होंगे।
दोपहर में शिवतराई रिसॉर्ट में भोजन के उपरांत राज्यपाल रतनपुर स्थित महामाया देवी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार वे शाम को मुंगेली जिले के चांदखुरी विश्राम गृह होते हुए रात 8 बजे लोक भवन, रायपुर लौटेंगे।
राज्यपाल के इस दौरे को प्रशासनिक एवं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है, विशेषकर बैगा जनजाति से संवाद और अचानकमार टाइगर रिजर्व के भ्रमण को लेकर। प्रशासन ने कार्यक्रम को लेकर आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।