बलरामपुर // छत्तीसगढ़ राज्य के 25 वर्ष पूर्ण होने पर रजत जयंती महोत्सव अंतर्गत जिले के बाजारपारा स्थित ऑडिटोरियम भवन में मेगा हेल्थ कैम्प एवं तीजा-पोरा उत्सव हर्षोल्लास और गरिमा के साथ आयोजित किया गया। इस आयोजन में स्वास्थ्य सेवाओं और छत्तीसगढ़ी संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
मेगा हेल्थ कैम्प में जिला चिकित्सालय एवं विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। रक्तचाप, शुगर, महिला एवं बाल स्वास्थ्य समेत अन्य बीमारियों की जांच की गई और जरूरतमंदों को तत्काल परामर्श एवं दवाएं प्रदान की गईं।

तीजा-पोरा पर्व के अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई, जिसमें ठेठरी-खुरमी, फरा, गुलगुला और अरसा जैसे व्यंजन शामिल रहे। साथ ही मेहंदी, रंगोली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने वातावरण को पूरी तरह उत्सवमय बना दिया।
मुख्य अतिथि सामरी विधायक श्रीमती उद्देश्वरी पैकरा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य ने 25 वर्षों में हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। तीज जैसे पारंपरिक पर्व हमारी संस्कृति को जीवित रखते हैं। उन्होंने सभी को तीजा पर्व की शुभकामनाएं दीं।
जिला पंचायत सीईओ श्रीमती नयनतारा सिंह तोमर ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने महिलाओं से पोषण पर ध्यान देने और बच्चों को पौष्टिक आहार देने की अपील की।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हीरामणि निकुंज ने आयोजन को गर्वपूर्ण अवसर बताते हुए बधाई दी। महिलाओं ने पारंपरिक गीत और नृत्यों के साथ तीजा पर्व की खुशियां साझा कीं और “स्वस्थ तन, समृद्ध संस्कृति, सशक्त समाज” का संदेश दिया।
