समाचार:
बलरामपुर/राजपुर। राजपुर नगर पंचायत क्षेत्र में एनएच-343 सड़क को बीच सेंटर से बनाने की मांग को लेकर नगरवासियों ने सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, बलरामपुर कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा और सरगुजा एनएच-343 के कार्यपालन अभियंता के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन एसडीएम देवेंद्र कुमार प्रधान को सौंपा गया।

नगरवासियों ने बताया कि एनएच-343 मार्ग के निर्माण के दौरान सड़क की एक साइड पर चुना मार्किंग की गई है, जिससे नगर के कई व्यापारी प्रभावित हो रहे हैं। व्यापारियों की दुकानों के सामने सड़क निर्माण असमान रूप से होने से उनके व्यापार पर असर पड़ रहा है। इसीलिए नगरवासियों ने मांग की है कि सड़क का निर्माण बीच सेंटर से किया जाए, ताकि सभी व्यापारियों को समान रूप से सुविधा मिले और नगर का संतुलित विकास हो सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह, अनिल सोनी, मखन लाल अग्रवाल, दीपक मित्तल, विकास बंसल, छोटन गुप्ता, राहुल बंसल, सतीश अग्रवाल, रजत केशरी, बंटी अग्रवाल, अजय अग्रवाल, मुकेश कुमार, विशाल अग्रवाल, अहमद राजा और अनूप पैकरा सहित अनेक व्यापारी उपस्थित थे।
कलेक्टर राजेंद्र कुमार कटारा ने कहा कि एसडीएम और एनएच विभाग को निर्देश दिए जाएंगे कि सड़क का निर्माण बीच सेंटर से किया जाए।
एसडीएम देवेंद्र कुमार प्रधान ने नगरवासियों को आश्वासन दिया कि एनएच अधिकारियों से चर्चा कर सड़क निर्माण कार्य बीच सेंटर से कराया जाएगा और किसी व्यापारी को परेशानी नहीं होगी।
एनएच-343 के इंजीनियर आकाश दास ने भी स्पष्ट किया कि नगर में सड़क पुराने मार्ग पर ही बीच सेंटर से बनाई जाएगी और किसी को दिक्कत नहीं होगी।

