राजपुर कॉलेज में जनजातीय गौरव दिवस, विधायक ने रखे विकास के आश्वासन

बलरामपुर, 15 नवंबर। शासकीय महाविद्यालय राजपुर में बिरसा मुंडा की जयंती पर “जनजातीय समाज का गौरवशाली अतीत” विषय के अंतर्गत जनजातीय गौरव दिवस बड़ी गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य जीतन राम पैंकरा ने कॉलेज के विकास से जुड़ी प्रमुख मांगें विधायक के समक्ष रखीं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बिरसा मुंडा को नमन

कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता और जनजातीय महानायकों के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण से हुई। विद्यार्थियों द्वारा राज्य गीत, स्वागत गीत, करमा नृत्य एवं जनजातीय गीत प्रस्तुत किए गए। मंच संचालन सहायक प्राध्यापक मनोज खलखो ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती लीलावती पैंकरा ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम की सुरक्षा के लिए थाना प्रभारी भारद्वाज सिंह की निगरानी में पुलिस बल तैनात किया गया।



विधायक ने बिरसा मुंडा के संघर्ष और सांस्कृतिक धरोहर पर किया संबोधन

मुख्य अतिथि उद्देश्वरी पैंकरा ने अपने उद्बोधन में बिरसा मुंडा के जीवन संघर्ष, जल-जंगल-जमीन की रक्षा के लिए उनके आंदोलन और आदिवासी समाज के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और इतिहास को संजोकर रखने की आवश्यकता है।

जनजातीय व्यंजन स्टॉल बना आकर्षण

कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा लगाए गए जनजातीय व्यंजनों के स्टॉल ने विशेष आकर्षण बटोरा। ठेकुआ, खुरमा, फरा, चावल रोटी, पुआ, अईरसा रोटी और गेथी कांदा जैसे पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेकर अतिथियों एवं पत्रकारों ने छात्राओं की सराहना की।


प्राचार्य ने विकास कार्यों की मांग दोहराई

प्राचार्य जीतन राम पैंकरा ने विधायक के समक्ष सड़क निर्माण और साइकिल स्टैंड निर्माण की लंबित मांगों को पुनः उठाया। इस पर विधायक पैंकरा ने बताया कि संबंधित विभागों को फाइल भेज दी गई है और शीघ्र ही सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि भूमिपूजन जल्द किया जाएगा।

कार्यक्रम में सामरी विधायक उद्देश्वरी पैंकरा, महाविद्यालय के प्राचार्य, प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *