मुंगेली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने आज सिटी कोतवाली मुंगेली पहुंचकर भाजपा प्रवक्ता प्रिंटु महादेवा के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की। कांग्रेस का आरोप है कि उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लाइव चैनल पर सीने में गोली मारने की धमकी दी थी।

इस दौरान कांग्रेस के सचिव एवं भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता खुलेआम इस तरह की बयानबाजी कर लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों पर हमला कर रहे हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में तुरंत कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

कांग्रेसजनों ने कहा कि राहुल गांधी को मिली धमकी केवल एक व्यक्ति पर हमला नहीं बल्कि पूरे विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास है। लोकतंत्र में विचारों का मुकाबला लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए, न कि हिंसा की भाषा से।
कार्यक्रम में संजीत बनर्जी, हेमेंद्र गोस्वामी, संजय यादव महामंत्री, स्वतंत्र मिश्रा, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश छेदइया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।