बलरामपुर-रामानुजगंज, 27 अगस्त 2025// जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी बरियों में पुलिस ने पत्नी की गला घोंटकर हत्या कर शव तालाब में फेंकने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सीताराम पैकरा (उम्र 35 वर्ष) निवासी ग्राम ककना, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज के रूप में हुई है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका सुनीता पैकरा की मौत की सूचना ग्रामवासियों ने पुलिस को दी। जांच में सामने आया कि आरोपी पति और मृतका की शादी वर्ष 2015 में हुई थी और आए दिन उनके बीच विवाद होता था। घटना की रात आरोपी ने पत्नी का गला प्लास्टिक की रस्सी से घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव को तालाब के पानी में फेंक दिया।
घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकालकर पंचनामा कार्रवाई की। डॉक्टर द्वारा कराई गई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि सुनीता पैकरा की मौत गला घोंटने से हुई है। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 205/2025 धारा 103(1), 238 भा.दं.सं. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस ने आरोपी सीताराम पैकरा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक प्रदीप यादव, भुजबल पैकरा, विजयर गुप्ता, आरक्षक जगनाद केसाम, राममूरत यादव एवं महिला आरक्षक सरिता सिंह का विशेष सहयोग रहा।