मुंगेली, 19 अगस्त 2025// मुंगेली पुलिस ने ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए पृथ्वीग्रीन कॉलोनी में हुई करीब 30 लाख की चोरी के फरार आरोपी मंजीत दिवाकर (उम्र 21 वर्ष, निवासी दरूवनकापा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली) को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी से पुलिस ने 1 नग सोने की अंगूठी (कीमत 35,000 रुपये), नगद 35,000 रुपये एवं घटना के दौरान पहनी गई टी-शर्ट जब्त की है। आरोपी के खिलाफ थाना मुंगेली में अपराध क्रमांक 339, 340/25 धारा 331(4), 305(ए), 317(2), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्यवाही की गई।
घटना 27 जुलाई 2025 की है, जब प्रार्थी आयुष राम निवासी पृथ्वीग्रीन कॉलोनी फेस-1 ने घर में ताला लगाकर पत्नी और बच्चे के साथ जिला अस्पताल गए थे। अगली सुबह लौटने पर घर का ताला टूटा मिला। अलमारी से ₹24.5 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवरात (नेकलेस, चूड़ी, अंगूठी, झुमका, कान की बाली, पायल, बिछिया आदि) चोरी हो गए। कुल चोरी का मूल्य ₹29 लाख 80 हजार आंका गया।
पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस मयंक तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी को पकड़ा।
कार्यवाही में थाना प्रभारी जी.एस. यादव और साइबर सेल प्रभारी सुशील बंछोर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
मुंगेली पुलिस, ऑपरेशन बाज, पृथ्वीग्रीन कॉलोनी चोरी, मंजीत दिवाकर गिरफ्तार, भोजराम पटेल, साइबर सेल,
