मुंगेली, 18 अगस्त 2025।
मुंगेली विकासखण्ड के ग्राम सिंगबांधा में एक किसान की बाड़ी से परित्यक्त नवजात शिशु मिलने की घटना सामने आई। ग्रामीणों द्वारा सूचना दिए जाने पर जिला बाल संरक्षण अधिकारी, पुलिस विभाग और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम संयुक्त रूप से मौके पर पहुँची और नवजात को सुरक्षित संरक्षण में लिया।
शिशु को तुरंत जिला चिकित्सालय ले जाकर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया, जहां उसे पूर्णतः स्वस्थ पाया गया। इसके बाद नवजात को बालक कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के निर्णय अनुसार शिशु को विशेष दत्तक गृह अधिकारिणी में सुरक्षित रूप से रखा गया है।

अधिकारियों ने बताया कि नवजात के लिए आवश्यक देखभाल, पोषण और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्था की गई है। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि यदि कहीं भी कोई बच्चा असुरक्षित या परित्यक्त अवस्था में दिखाई दे तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दें ताकि उसे समय पर संरक्षण मिल सके।