मुंगेली, 23 दिसम्बर 2025।
सुशासन सप्ताह के अंतर्गत जिले में “प्रशासन गांव की ओर” अभियान के तहत ग्राम पंचायत रोहराकला, टेमरी एवं अचानकमार में जनसमस्या समाधान सह सुशासन शिविरों का आयोजन किया गया। शिविरों में प्राप्त कुल आवेदनों में से 305 मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
शासन के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में 25 दिसंबर तक सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ त्वरित रूप से पहुंचाना है।

रोहराकला और टेमरी में बड़ी सहभागिता
ग्राम पंचायत रोहराकला में आयोजित शिविर में कुल 436 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 154 आवेदनों का मौके पर निराकरण किया गया। शेष आवेदनों के शीघ्र समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए हैं।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत टेमरी में आयोजित शिविर में 308 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 155 मामलों का त्वरित निराकरण किया गया। शेष प्रकरणों पर समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अचानकमार में भी मिले आवेदन
अचानकमार क्षेत्र में आयोजित शिविर के दौरान ग्रामीणों से विभिन्न मांगों एवं समस्याओं से संबंधित 235 आवेदन प्राप्त हुए। इन आवेदनों का नियमानुसार निराकरण किया जा रहा है। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभ भी प्रदान किया गया।
रोहराकला में आयोजित शिविर में बिल्हा विधानसभा के विधायक धरमलाल कौशिक शामिल हुए। उन्होंने ग्रामीणों को शिविर का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया और शासन की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला पंचायत सभापति अनीला देवेंद्र राजपूत, जनपद अध्यक्ष चित्रलेखा मनीष जांगड़े, जनपद सभापति रिंकू ठाकुर, जनपद सदस्य अश्वनी वर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
