मुंगेली, 20 दिसंबर 2025। शासन के निर्देशानुसार “प्रशासन गांव की ओर” थीम पर जिले में सुशासन सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाना, जरूरी प्रमाण-पत्रों की सुविधा उपलब्ध कराना और जनशिकायतों का त्वरित निराकरण करना है।
कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार के मार्गदर्शन में शनिवार को मुंगेली विकासखंड के ग्राम कंतेली में सुशासन सप्ताह शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री रामकमल सिंह परिहार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया।

विभिन्न विभागों के स्टॉल, योजनाओं का लाभ
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, स्वास्थ्य, श्रम, मत्स्य, पशुपालन, पीएचई, महिला एवं बाल विकास, राजस्व सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए। अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

230 से अधिक आवेदन, 126 का तत्काल समाधान
कंतेली जोन अंतर्गत ग्राम लैकडुम, दुल्लापुर सो., बोधापारा, कंतेली, छाता, कोदवाबानी, खुर्शी, चारभाठा, हेड़सपुर, बैहाकापा, देवरी, जमकोर, भरुवागुड़ा, चमारी, संगवाकापा, सुरेठा, दामापुर और प्रतापपुर के ग्रामीण बड़ी संख्या में शिविर में शामिल हुए।
शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा मांगों एवं शिकायतों से संबंधित 230 से अधिक आवेदन प्रस्तुत किए गए, जिनमें से 126 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों का भी नियमानुसार शीघ्र निराकरण किया जा रहा है। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।