मुंगेली जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत पुलिस ने अवैध शराब तस्करी और बिक्री के मामलों में कार्रवाई की है। विभिन्न थाना क्षेत्रों से कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, मयंक तिवारी और उप पुलिस अधीक्षक नवनीत पाटिल के मार्गदर्शन में थाना सरगांव, फास्टरपुर, जरहागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया।

पुलिस के अनुसार तीन अलग-अलग प्रकरणों में कुल 148 पाव देशी शराब और 20 पाव देशी मसाला शराब, कुल 31.14 बल्क लीटर, जब्त की गई है। इसके साथ ही शराब परिवहन में प्रयुक्त तीन मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत 84,240 रुपये बताई गई है।
थाना सरगांव क्षेत्र में 7 जनवरी 2026 को खपरी रोड पर दो आरोपियों भुनेश्वर यादव और हेमंत कुमार साहू को पकड़ा गया। इनके कब्जे से 45 पाव देशी प्लेन शराब और 20 पाव देशी मसाला शराब तथा एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

थाना फास्टरपुर-सेतगंगा क्षेत्र में ग्राम सिंघनपुरी खार बेलसरी रोड पर विभीषण उर्फ बाली देवांगन को अधिक मात्रा में शराब परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 38 पाव देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।

थाना जरहागांव क्षेत्र में ग्राम फरहदा से दो आरोपियों देवचरण साहू और गौतम श्रीवास को पकड़ा गया। इनके पास से 70 पाव देशी प्लेन शराब और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई।
तीनों मामलों में संबंधित थानों में आबकारी एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विधिवत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में साइबर सेल और थाना पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।