मुंगेली, 03 मार्च 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय मुंगेली द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार “ऑपरेशन बाज” के तहत जरहागांव पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की है। अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चलाया जा रहा है।
02 मार्च 2026 को मुखबिर की सूचना पर थाना जरहागांव पुलिस और साइबर सेल ने ग्राम पथरिया मोड़ जरहागांव के पास नाकाबंदी की। कार्रवाई के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया, जिन्होंने अपना नाम अजय साहू (27 वर्ष) और राहुल साहू (23 वर्ष), निवासी ग्राम झझपुरी खुर्द नवापारा, थाना जरहागांव, जिला मुंगेली बताया।

तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 80 पाव देशी प्लेन मदिरा (14.400 बल्क लीटर) बरामद की गई, जिसकी कुल कीमत 6,400 रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटर साइकिल क्रमांक CG 28 L 0538, हीरो एचएफ डिलक्स, अनुमानित कीमत 40,000 रुपये, भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 43,200 रुपये है।
आरोपियों से वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। थाना जरहागांव में आबकारी एक्ट के अपराध क्रमांक 34/26 के तहत धारा 32(2) और 59(क) में प्रकरण दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया तथा न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिंहा, उप निरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी तथा थाना जरहागांव और साइबर सेल स्टाफ की भूमिका रही।