मुंगेली, 17 जून 2025
पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” अभियान के तहत गौ-तस्करी में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। यह कार्रवाई थाना लालपुर पुलिस द्वारा ग्राम हरनाचाका के पास की गई।


दिनांक 14 जून 2025 की रात करीब 11:30 बजे ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने हरनाचाका रोड पर छापेमारी की, जहाँ चार लोग 16 बैलों को क्रूरता से पैदल हांकते हुए कत्लखाने ले जा रहे थे। पुलिस को देख अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि एक आरोपी मनीष बांधले को मौके पर ही पकड़ा गया। पूछताछ में मनीष ने अपने साथी का नाम लखन बंजारे निवासी मुसउ नवागांव बताया। दोनों आरोपी मिलकर मवेशियों को बूचड़खाने ले जा रहे थे।
पुलिस ने गवाहों के समक्ष 16 बैलों को बरामद कर जब्त किया और आरोपियों के खिलाफ थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 105/2025 के तहत धारा 11 पशु क्रूरता अधिनियम 1960 एवं धारा 6, 10 छत्तीसगढ़ पशु परिक्षण अधिनियम 2004 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। आरोपी मनीष बांधले (उम्र 20 वर्ष, निवासी दाउकापा, थाना जरहागांव) और लखन बंजारे (उम्र 40 वर्ष, निवासी मुसउ नवागांव, थाना फास्टरपुर) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस सफल कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुश्री नवनीत कौर छाबड़ा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस लालपुर श्री एस.आर. धृतलहरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अमित गुप्ता, सउनि दिलीप प्रभाकर, रघुवीर सिंह राजपूत, प्र.आर. डोमरू ध्रुव, भोप सिंह, आरक्षक जितेन्द्र सिंह, रमाकांत डहरिया, तथा देवेन्द्र नागरे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मुंगेली पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन बाज के अंतर्गत मवेशी तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
