मुंगेली, 01 मार्च 2026।
भारत सरकार के अभियान नशा मुक्त भारत पखवाड़ा के अंतर्गत मुंगेली पुलिस ने सूखे नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की बिक्री में संलिप्त 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन बाज के तहत यह सफलता मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के पर्यवेक्षण में साइबर सेल और थाना जरहागांव पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
शमशान घाट के पास घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
मुखबिर सूचना के आधार पर ग्राम जरहागांव शमशान घाट के पास घेराबंदी कर 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख 65 हजार रुपये बताई गई है।
पूछताछ में मुख्य आरोपी समीर कश्यप द्वारा नैनी, प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) से ब्राउन शुगर खरीदकर लाने की बात सामने आई है, जिसे अन्य साथियों के साथ मिलकर बिक्री किया जाना था।
3.81 लाख रुपये की संपत्ति जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्न सामग्री जब्त की—
- 53.51 ग्राम ब्राउन शुगर (कीमत लगभग ₹2,65,000)
- 06 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹50,000)
- एक मोटरसाइकिल होंडा साइन CG 28 P 1199 (कीमत लगभग ₹65,000)
- 01 इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन (कीमत लगभग ₹1,000)
कुल जब्ती लगभग ₹3,81,000 आंकी गई है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
थाना जरहागांव में आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 32/2026, धारा 21(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी
- समीर कश्यप (24 वर्ष), निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
- सियाराम कश्यप (25 वर्ष), निवासी ठाकुरदेव पारा, जरहागांव
- विरेन्द्र श्रीवास (34 वर्ष), निवासी डीलवापारा, जरहागांव
- लोकेश उर्फ लक्की कश्यप (35 वर्ष), निवासी महामाया पारा, जरहागांव
- रविशंकर कश्यप उर्फ बब्बा (27 वर्ष), निवासी छतौना, थाना जरहागांव
पुलिस ने बताया कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और सूखे नशे के कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध नशे या मादक पदार्थों की तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।