मुंगेली, 16 जनवरी 2026// जिले में अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई करते हुए शहर के पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
यह कार्रवाई कलेक्टर कुन्दन कुमार के निर्देशानुसार मुंगेली एसडीएम अजय शतरंज, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा, नगर पालिका और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जेसीबी मशीन की सहायता से की गई।

मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने बताया कि पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर दुकान का निर्माण किया गया था। नगर पालिका द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकर्ता को नोटिस जारी कर स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे।

निर्धारित समय-सीमा में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने विधिवत कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अमला तैनात रहा।
पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।