रायपुर, 15 अक्टूबर 2025।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के आगामी छत्तीसगढ़ प्रवास को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। 01 नवंबर को प्रधानमंत्री श्री मोदी नया रायपुर (अटल नगर) में राज्योत्सव स्थल पर छत्तीसगढ़ रजत महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर वे राजधानी में बनने वाले नए विधानसभा भवन का लोकार्पण भी करेंगे।

इसके साथ ही प्रधानमंत्री श्री मोदी शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय, प्रजापिता ब्रह्मकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग सेंटर “शांति शिखर” और सत्य सांई हॉस्पिटल में हृदय ऑपरेशन कराने वाले बच्चों से भी मुलाकात करेंगे।
अपर मुख्य सचिव श्री मनोज पिंगुआ ने आज नवा रायपुर स्थित राज्योत्सव स्थल में प्रधानमंत्री के प्रवास की तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 31 अक्टूबर की रात्रि रायपुर पहुंचेंगे और 1 नवंबर को राज्योत्सव एवं लोकार्पण समारोहों में शामिल होंगे।
श्री पिंगुआ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी स्थलों पर सुरक्षा, ट्रैफिक प्लान, पार्किंग, पेयजल, शौचालय, बिजली और साउंड सिस्टम की उच्चस्तरीय व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर के चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, संचार व्यवस्था और जनसुविधाओं की तैयारी समय पर पूर्ण कर ली जाए।
राज्योत्सव मेला स्थल पर मुख्य मंच के सामने तीन विशाल डोम बनाए जा रहे हैं, जिनमें 60 एलईडी स्क्रीनें लगाई जाएंगी। लोगों के बैठने, प्रवेश और विभागीय प्रदर्शनी के लिए अलग-अलग द्वार बनाए जा रहे हैं। प्रदर्शनी में राज्य शासन के विभिन्न विभागों और सार्वजनिक उपक्रमों की भागीदारी होगी।
प्रधानमंत्री आवास का मॉडल, डिजिटल प्रदर्शनी, 40 हजार वाहनों की पार्किंग व्यवस्था, 300 शौचालय, 20 बेड का अस्थायी अस्पताल, आईसीयू सुविधा, 25 एम्बुलेंस और पर्याप्त संख्या में फायर ब्रिगेड की व्यवस्था भी की जा रही है।
इस बैठक में कलेक्टर श्री गौरव सिंह, लोक निर्माण विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह, परिवहन सचिव श्री एस. प्रकाश, तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ. एस. भारती दासन, कमिश्नर रायपुर श्री महादेव कावरे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।