मुंगेली में राज्य के वाणिज्य एवं उद्योग तथा श्रम मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने जिला कलेक्टोरेट स्थित मनियारी सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में शासन की योजनाओं की प्रगति, जनसेवाओं की गुणवत्ता और मैदानी क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का त्वरित, पारदर्शी और समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन-प्रशासन की सकारात्मक छवि बने। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ आमजनों तक समयबद्ध रूप से पहुंचना चाहिए।

बैठक में विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, कलेक्टर कुन्दन कुमार, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, वन मंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अपर कलेक्टर जी.एल. यादव, एडीएम निष्ठा पाण्डेय तिवारी सहित तीनों अनुविभागों के एसडीएम और सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आदिवासी विकास विभाग की समीक्षा के दौरान छात्रावासों में पेयजल, बिजली, बिस्तर सहित मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, वन विभाग और पीएम जनमन योजना की समीक्षा के दौरान ग्राम जाकड़बांधा क्षेत्र में अवैध वृक्ष कटाई की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
राजस्व विभाग की समीक्षा में नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन और ऋण पुस्तिका से संबंधित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीणों को अनावश्यक चक्कर न लगवाने और राशन कार्ड समय-सीमा में बनाने के निर्देश दिए गए। ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं की जानकारी और निराकरण अवधि स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने को कहा गया।
शिक्षा विभाग की समीक्षा में पीएम श्री योजना, प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण, अपार आईडी, निःशुल्क साइकिल एवं पाठ्य पुस्तक वितरण और न्योता भोजन कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। चीनू नवागांव में शिक्षकों की कमी की शिकायत पर नियमानुसार उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
श्रम विभाग की समीक्षा में लेबर बजट अंतर्गत स्वीकृत कार्यों, श्रमिक आवास योजना और अन्य योजनाओं के लाभ के लिए शिविर आयोजन और प्रचार-प्रसार पर जोर दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग में कुपोषण, महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री मातृवंदना और नोनी सुरक्षा योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में आयुष्मान भारत, जीवन धारा, कुष्ठ उन्मूलन, डायरिया नियंत्रण और सिकल सेल स्क्रीनिंग की जानकारी ली गई। उद्योग विभाग को जिले में उद्योग विस्तार के लिए कार्ययोजना बनाने, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को जल जीवन मिशन के कार्यों और लोक निर्माण विभाग को सड़कों की मरम्मत व निर्माण के निर्देश दिए गए।
धान खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न होने के निर्देश भी बैठक में दिए गए।