मुंगेली। पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के नेतृत्व में पुलिस परिवार द्वारा जिला पुलिस बल के शहीद और स्वर्गीय पुलिसकर्मियों की स्मृति में श्रीमद् भागवत ज्ञान सप्ताह का आयोजन 08 सितंबर से 15 सितंबर 2025 तक पुराने पुलिस लाइन मुंगेली में किया गया।

भव्य धार्मिक माहौल में सम्पन्न इस आयोजन में श्रद्धा और भक्ति की विशेष छटा देखने को मिली। कथावाचक उमाकांत मिश्र और सूरज मिश्र, बरपाली रायगढ़ ने भगवान श्रीराम कथा, श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भक्त प्रह्लाद चरित्र, ध्रुव तपस्या और गोवर्धन पूजा जैसे पावन प्रसंगों का भावपूर्ण वर्णन किया। कथा के दौरान भजनों की प्रस्तुति ने वातावरण को भक्ति रस से भर दिया।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, पुलिस परिवार और श्रद्धालु भजनों पर झूम उठे और भावविभोर हो गए। समापन दिवस पर भागवत पूजा , भागवत श्रवण पान के महत्व का विशेष वर्णन हुआ। पुलिस कॉलोनी के नन्हें बच्चों ने भगवान श्रीकृष्ण का रूप धारण कर जन्माष्टमी की झांकी प्रस्तुत की, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और उनके लिए भोजन की विशेष व्यवस्था भी की गई। पुलिस अधीक्षक ने भागवत श्रवण के महत्व के संबंध में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कलयुग में पापों का नाश और मोक्ष की प्राप्ति कराता है। भगवत श्रवण के द्वारा मनुष्य को खुद के मनुष्य होने के महत्व और कर्तव्यों के बारे में पता चलता है, भागवत में मोक्ष है कल्याण है शिक्षा है स्वस्थ है योग है।

सात दिवसीय यह आयोजन न केवल पुलिस परिवार बल्कि जिलेभर के श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जोड़ गया।
मुंगेली, पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल, श्रीमद भागवत कथा, भागवत ज्ञान सप्ताह, पुलिस परिवार, धार्मिक आयोजन, कृष्ण जन्मोत्सव, गोवर्धन पूजा, श्रद्धालु, अध्यात्म