पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा व महुआ शराब तस्करी में दो आरोपी गिरफ्तार

मुंगेली।
पुलिस अधीक्षक मुंगेली श्री भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में अपराध नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन बाज” के तहत मुंगेली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस अभियान के अंतर्गत लालपुर क्षेत्र में गांजा तस्करी तथा लोरमी क्षेत्र में अवैध कच्ची महुआ शराब के परिवहन के मामलों में ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सायबर सेल मुंगेली एवं थाना लालपुर व लोरमी की संयुक्त पुलिस टीम ने दिनांक 06 जनवरी 2026 को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की। लालपुर क्षेत्र के पेण्ड्रीतालाब बारह हजार पुल, धरम ट्रेडर्स के सामने घेराबंदी कर बिना नंबर की होंडा एसपी साइन मोटरसायकल को रोका गया। तलाशी के दौरान आरोपी भुनेश्वर साहू पिता गौकरण साहू, उम्र 27 वर्ष, निवासी धौराभाठ (थाना लोरमी) के कब्जे से काले रंग के बैग में रखा 01 किलो 902 ग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग ₹19,000 आंकी गई। साथ ही गांजा परिवहन में प्रयुक्त मोटरसायकल की कीमत लगभग ₹70,000 बताई गई। इस प्रकार जब्त गांजा एवं सामग्री की कुल अनुमानित कीमत ₹89,000 है।

इसी क्रम में थाना लोरमी क्षेत्र के ग्राम झाफल मेन रोड, महाराणा प्रताप स्कूल के सामने से आरोपी राजु सिसोदिया पिता राजकुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी शिकारीडेरा परसवारा (थाना लोरमी) को अवैध शराब तस्करी करते हुए पकड़ा गया। आरोपी के पास से 07 बल्क लीटर कच्ची महुआ शराब (कीमत लगभग ₹700) तथा परिवहन में प्रयुक्त पुरानी टीव्हीएस मोटरसायकल (कीमत लगभग ₹10,000) जब्त की गई। शराब व सामग्री की कुल कीमत ₹10,700 बताई गई।

गांजा तस्करी के मामले में आरोपी भुनेश्वर साहू के विरुद्ध थाना लालपुर में अपराध क्रमांक 02/2026, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वहीं शराब तस्करी के मामले में आरोपी राजु सिसोदिया के विरुद्ध थाना लोरमी में अपराध क्रमांक 10/26, धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर दिनांक 06.01.2026 को माननीय न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर प्रस्तुत किया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक प्रसाद सिन्हा (प्रभारी सायबर सेल), निरीक्षक अखिलेश वैष्णव, उप निरीक्षक अमित गुप्ता, सहायक उप निरीक्षक दिलीप प्रभाकर, सहायक उप निरीक्षक निर्मल घोष, प्रधान आरक्षक नरेश यादव तथा आरक्षक भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर जांगड़े एवं राम कश्यप की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक श्री भोजराम पटेल ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों व अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त असामाजिक तत्वों के विरुद्ध “ऑपरेशन बाज” के तहत सख्त और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Nawabihan
Author: Nawabihan

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *